भारी बारिश के रेड अलर्ट के चलते 20 जुलाई को हरिद्वार में अवकाश घोषित

हरिद्वार, 19 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 20 जुलाई के लिए जनपद हरिद्वार में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मयूर दीक्षित के आदेशानुसार सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा।

जारी आदेश में कहा गया है कि भारी वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और जनहानि की आशंका को देखते हुए यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के अंतर्गत लिया गया है। आदेश का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। यदि कोई विद्यालय या संबंधित संस्थान आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *