हरिद्वार में मतदाता सूची पर बड़ा अभियान: 8 से 10 अक्टूबर बूथों पर कैंप, 12 से 20 तक घर-घर होगा सत्यापन

10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा मतदाता सत्यापन

हरिद्वार। मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए हरिद्वार जिले में विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 8 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।

इस संबंध में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के सत्यापन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची की होगी जांच

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाकर प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने स्तर से सूची की जांच कर सकेंगे।

यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका नाम जुड़वाने के लिए दावा प्रस्तुत किया जा सकेगा। वहीं यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो उसे हटाने के लिए भी नियमानुसार दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सूची में दर्ज अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।

12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा सत्यापन

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान हाल में मतदाता सूची में जोड़े गए नामों का भी सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और प्रशासन के समन्वय से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाया जा सकता है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार सिंह एवं मोहन गुप्ता, सीपीआईएम के राजीव गर्ग, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *