11 साल की मेहनत, धैर्य और देखभाल का मिला सम्मान, हल्द्वानी की रेणु धरियाल के बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज
हल्द्वानी। उत्तराखंड की बेटी रेणु धरियाल ने अपने असाधारण रूप से लंबे बालों के दम पर दुनियाभर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले की रहने वाली और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहीं रेणु के बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी करीब 8 फीट 10 इंच दर्ज की गई है। इस उपलब्धि के साथ उनका नाम ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दुनिया की सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला के रूप में दर्ज हो गया है।

रेणु के लिए यह मुकाम एक-दो साल की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि करीब 11 वर्षों के धैर्य, संकल्प और बालों की लगातार देखभाल का नतीजा है। उन्होंने वर्ष 2015 में अपने बाल बढ़ाना शुरू किया था और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। इतने लंबे बालों को संभालना रोजमर्रा की जिंदगी में किसी चुनौती से कम नहीं है। बालों को जमीन से दूर रखने के लिए उन्हें विशेष तरीके से चोटी बनानी पड़ती है। इसके अलावा बालों को धोने, सुखाने और सुलझाने में भी कई घंटे लग जाते हैं।
बचपन के शौक ने बदल दिया जिंदगी का जुनून
रेणु के मुताबिक बचपन में उन्हें लंबे बाल रखने का शौक था। समय के साथ यह शौक जुनून में बदल गया। वर्ष 2015 में उन्होंने अपने बाल बढ़ाने का फैसला किया और तभी से उनकी देखभाल को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने लगीं। लंबे बालों के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है, लेकिन उन्होंने कभी इसे बोझ नहीं माना।
उनका कहना है कि लंबे बालों को बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी चीज धैर्य है। उनके लिए ये बाल केवल खूबसूरती का हिस्सा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े भावनात्मक प्रतीक भी हैं, जहां लंबे बालों को लंबे समय से सौंदर्य और नारीत्व से जोड़कर देखा जाता रहा है।
माप और जांच के बाद मिली विश्व रिकॉर्ड की मान्यता
रेणु ने बताया कि अप्रैल में ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ की टीम हल्द्वानी पहुंची, जहां उनके बालों की विधिवत जांच और माप किया गया। इस प्रक्रिया में उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज की गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन के बाद उन्हें दुनिया की सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला का रिकॉर्ड प्रदान किया गया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड यूक्रेन की अलीया नासिरोवा के नाम था, जिनके बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी। रेणु ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए करीब 14.17 सेंटीमीटर की बढ़त के साथ नया रिकॉर्ड कायम किया।
रेणु की उपलब्धि बनी उत्तराखंड के लिए गौरव
आमतौर पर लंबे बालों को महिलाओं की खूबसूरती से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन रेणु धरियाल ने इन्हीं बालों को अपनी पहचान और विश्व रिकॉर्ड में बदल दिया। करीब 11 वर्षों तक लगातार बालों की देखभाल और उन्हें बढ़ाने के संकल्प ने उन्हें दुनिया के नक्शे पर अलग पहचान दिलाई है।
रेणु की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जुनून और मेहनत की मिसाल है, बल्कि उत्तराखंड की प्रतिभा, धैर्य और अनोखी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने वाली उपलब्धि भी बन गई है।