हरिद्वार। विकास क्षेत्र बहादराबाद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय झाबरी की होनहार छात्रा स्वीटी ने उत्तराखंड के प्रतिष्ठित राजकीय सुरेन्द्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 में सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित इस प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना छात्रा की मेहनत, लगन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।

छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशीष कुमार लोहट ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि स्वीटी की सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर मंजूदेवी चौहान, प्रवीण कुमार शर्मा एवं आशा चंदेल सहित अन्य शिक्षकों ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि यदि बच्चों को सही दिशा एवं प्रोत्साहन मिले तो वे किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली छात्रा स्वीटी की इस सफलता से अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में भी हर्ष का माहौल है।