दावा: कांवड़ यात्रा में 4.80 करोड़ से अधिक कांवड़िए पहुंचे, सकुशल समापन पर डीएम-एसएसपी ने की गंगा पूजा

जिला प्रशासन का दावा—2 लाख से अधिक शिवभक्तों को मिला निशुल्क उपचार, पुलिस, प्रशासन, सफाई कर्मियों और स्थानीय जनता के सहयोग से सफल हुआ विशाल आयोजन

हरिद्वार, 11 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल एवं निर्विघ्न समापन के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरकीपौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की ओर से डीएम और एसएसपी को सम्मानित भी किया गया।

जिला प्रशासन का दावा है कि कांवड़ यात्रा-2026 में 4 करोड़ 80 लाख से अधिक कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे और पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। प्रशासन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने का दावा किया है।

कांवड़ यात्रा के सफल समापन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया कर्मियों, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं थी। प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं और आम जनता के सामूहिक सहयोग एवं बेहतर समन्वय से यात्रा को सफल बनाया जा सका।

पुलिस और सुरक्षा बलों की भूमिका सराही

जिलाधिकारी ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। करोड़ों की संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन के बावजूद यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने बेहतर समन्वय और तत्परता का परिचय दिया।

पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी सजगता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। वहीं जल पुलिस ने गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क इलाज

जिला प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों एवं अन्य स्थानों पर कांवड़ियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती थी, जिसे स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तत्परता और समर्पण के साथ पूरा किया।

पर्यावरण मित्रों ने संभाली सफाई व्यवस्था

कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों के योगदान की भी जिलाधिकारी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन के बावजूद कांवड़ यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, घाटों और प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्यावरण मित्रों ने दिन-रात मेहनत की।

स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी कांवड़ियों के लिए जल, भोजन, चिकित्सा और विश्राम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया।

स्थानीय जनता और व्यापारियों का भी जताया आभार

जिलाधिकारी ने हरिद्वार के व्यापारियों, स्थानीय कारोबारियों और क्षेत्रीय जनता का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों के धैर्य, संयम और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनता ने यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में प्रशासन का सहयोग किया।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, व्यापारियों, मीडिया और आम जनता के सामूहिक सहयोग एवं समन्वय का परिणाम है।

हरकीपौड़ी पर गंगा पूजा के बाद दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक

कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारी पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।इस अवसर पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम तथा अन्य पदाधिकारियों ने डीएम और एसएसपी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविंद्र पुरी जी महाराज ने भी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भी दोनों अधिकारियों को माला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *