हीट वेव के चलते राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन ने स्कूल समय कम करने की मांग की

हरिद्वार। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन, हरिद्वार ने विद्यालयों के समय में बदलाव की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 अप्रैल 2026 से प्रदेश में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना जताई गई है। हरिद्वार सहित मैदानी जिलों में 21 से 27 अप्रैल के बीच तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

संगठन ने महानिदेशक, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मौसम में छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय संचालन के समय में आवश्यक बदलाव किया जाना चाहिए।

इसी क्रम में एसोसिएशन ने मांग की है कि जनपद के सभी विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से 12:00 बजे तक एवं कक्षा एक एवं दो के लिए 11 बजे निर्धारित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।

जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह और जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *