जनगणना ड्यूटी में गड़बड़ी पर शिक्षकों ने किया अधिकारियों का घेराव, तीखी नोकझोंक, चार्ज अधिकारी को दिया पत्र

हरिद्वार। जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को सैकड़ों शिक्षकों ने तहसील हरिद्वार परिसर और नगर निगम हरिद्वार पहुंचकर जनगणना ड्यूटी में हुई गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया और अधिकारियों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन, ब्लॉक बहादराबाद के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी निर्धारण में गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। शिक्षकों को उनके सेवित क्षेत्र के बजा 30-40 किलोमीटर दूर तैनात कर दिया गया है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से जनगणना कार्य भी प्रभावित होगा।

शिक्षकों ने यह भी बताया कि कई विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों तक की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है, जिससे विद्यालय संचालन बाधित हो रहा है और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

भीषण गर्मी का हवाला देते हुए शिक्षकों ने कहा कि एक साथ विद्यालय और घर-घर जाकर जनगणना कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षकों को विद्यालय से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे जिम्मेदारी के साथ कार्य को समय पर पूरा कर सकें।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने मध्याह्न भोजन योजना का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया। उनका कहना था कि यदि सभी शिक्षक जनगणना कार्य में लगा दिए जाएंगे तो मिड-डे मील व्यवस्था बाधित होगी, जो कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के विपरीत है। इसलिए प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक शिक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

ब्लॉक अध्यक्ष अमर क्रांति, ब्लॉक मंत्री (महामंत्री) चन्द्रकान्त विष्ट और ब्लॉक कोषाध्यक्ष मो. युसुफ सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल ड्यूटी में संशोधन करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर डॉ. शिवा अग्रवाल, रवि कुमार गोस्वामी, शरद भारद्वाज, अतुल कुमार, अमरेश कुमार जसविंदर सिंह ममता नेगी,बाला नेगी, गीतांजलि, सुनीता रावत, सरिता रावत, भारत मोहन गॉड, विनेश कुमार, रितु रानी, मनोज परमार, शकील अहमद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *