नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार को भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की मनोहारी छटा देखने को मिली। इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के सी.डी. देशमुख ऑडिटोरियम में आयोजित डुएट कथक रेसिटल ‘धारा’ में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली कथक कलाकार दामिनी बिष्ट और रवीना सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दोनों कलाकारों ने कथक की भाव-भंगिमाओं, लय, ताल और अभिव्यक्ति का ऐसा सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। उनकी मंचीय ऊर्जा, सधी हुई प्रस्तुति और उत्कृष्ट तालमेल ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में संगीत का सशक्त साथ प्रसिद्ध गायक जयवर्धन दधीच ने दिया, जबकि सिद्धांत पुरोहित ने पदंत प्रस्तुत किया। तबले पर यश गंगानी और सारंगी पर आमिर खान की मधुर संगत ने प्रस्तुति को और भी प्रभावशाली एवं यादगार बना दिया।
‘धारा’ केवल एक नृत्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और परंपरा का जीवंत उत्सव बनकर सामने आई। इस तरह के आयोजन न केवल शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी प्रेरक माध्यम बनते हैं।
दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य में ‘धारा’ की यह प्रस्तुति एक अविस्मरणीय और सौंदर्यपूर्ण संध्या के रूप में लंबे समय तक याद की जाएगी।