बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर को 50 हजार रिश्वत लेते विजिलेंस ने किया ट्रैप

हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत सतर्कता विभाग ने बाल विकास विभाग में फैली रिश्वतखोरी पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। देहरादून स्थित सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की क्षेत्र में तैनात एक सुपरवाइजर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतर्कता सेक्टर थाना देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के अंतर्गत बुधवार को यह ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान राखी सैनी, जो कि बाल विकास अधिकारी कार्यालय रुड़की ग्रामीण द्वितीय में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने एक कर्मचारी से प्रमोशन दिलाने के एवज में धनराशि की मांग की थी। शिकायत मिलने पर सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण में रोशनाबाद स्थित विकास भवन के डीपीओ कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। सतर्कता विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, घटना के बाद संबंधित विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *