पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर NMOPS की 21 अप्रैल को रैली, ज्ञापन भी देंगे

हरिद्वार। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन के गढ़वाल मंडल पदाधिकारियों ने मंगलवार, 21 अप्रैल को ज्वालापुर पुल जटवाड़ा से जिलाधिकारी कार्यालय रोशनाबाद तक बाइक रैली निकालने की घोषणा की है।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में गढ़वाल मंडल अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा ने कहा कि वर्ष 2004 में पुरानी पेंशन योजना को समाप्त कर दिया गया था, जिसके बाद न्यू पेंशन स्कीम (NPS) लागू की गई और वर्ष 2023 में यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) लाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों योजनाएं बाजार की अनिश्चितताओं पर आधारित हैं, जिससे कर्मचारियों के भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी रहती है।

जिला अध्यक्ष सुखदेव सैनी ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के जीवन का अहम आधार है, खासकर सेवानिवृत्ति के बाद। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुरानी पेंशन योजना ही कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा और स्थिरता प्रदान करती है, जबकि नई योजनाओं में पेंशन की कोई निश्चित गारंटी नहीं है।

प्रांतीय सचिव डॉ. शिवा अग्रवाल ने मांग की कि पश्चिम बंगाल, केरल, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए, ताकि कर्मचारियों को सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य मिल सके।

उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को प्रस्तावित बाइक रैली के माध्यम से बड़ी संख्या में कर्मचारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान महामंत्री दीपक चौहान, सदाशिव भास्कर, मनोज बरछीवाल, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान, खेमानंद, चंद्रकांत बिष्ट, सुमित चौहान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *