डीईओ के हस्तक्षेप से स्कूल गैस सिलेंडर बुकिंग की बाध्यता समाप्त, जिला पूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी को लिखा पत्र

हरिद्वार। जनपद में पीएम पोषण योजना के संचालन को लेकर एक अहम निर्णय सामने आया है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन ने विद्यालयों में गैस सिलेंडर की कमी (शॉर्टेज) की समस्या को उठाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) को अवगत कराया और हस्तक्षेप की मांग की थी।

एसोसिएशन ने बताया कि कई विद्यालयों में एक ही गैस सिलेंडर 10–15 दिनों में ही समाप्त हो जा रहा है, लेकिन 25/45 दिनों की अनिवार्य बुकिंग व्यवस्था के कारण नया सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा। इससे पीएम पोषण योजना प्रभावित हो रही थी और बच्चों के मध्याह्न भोजन पर असर पड़ रहा था।

इस पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित कुमार ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया और बाध्यता समाप्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम पोषण योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और इसके संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है।

डीईओ के पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार ने 25/45 दिनों की गैस सिलेंडर बुकिंग की बाध्यता समाप्त कर दी है। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर, बिना लाइन में लगाए, गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।

इस निर्णय से अब विद्यालयों में गैस की कमी की समस्या दूर होने की उम्मीद है और पीएम पोषण योजना का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *