हरिद्वार। शिक्षक यादोराम चौधरी की पुत्री आदेशा चौधरी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर राज्य कर अधिकारी (State Tax Officer) पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा जगत, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आदेशा की सफलता की सूचना मिलते ही शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। एक शिक्षक की बेटी का प्रशासनिक सेवा में चयन पूरे शिक्षा जगत के लिए गर्व का विषय है।

आदेशा चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश भी दिया।
वहीं शिक्षक यादोराम चौधरी ने सभी शुभचिंतकों, मित्रों, गुरुजनों और बधाई संदेश भेजने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार को मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि आदेशा की सफलता में परिवार के साथ-साथ शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इस अवसर पर अनेक शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने आदेशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगी। आदेशा चौधरी की इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है तथा उन्हें लगातार बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं।