
रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET-I एवं UTET-II) 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। परिषद द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार अब अभ्यर्थी 9 अगस्त 2026 रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
परिषद ने बताया कि प्रतिकूल मौसम और इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रभावित होने के कारण कई अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि का विस्तार किया गया है।
UTET-2026 का आयोजन 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में UTET-I सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक, जबकि दूसरी पाली में UTET-II दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।
संशोधित कार्यक्रम
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 14 जुलाई 2026
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 9 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 11 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
आवेदन पत्र में संशोधन: 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि और समय के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन पत्र या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ukutet.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।