निर्वाचन अधिकारी डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोतम ने की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की समीक्षा, हरिद्वार में प्रगति पर संतोष जताया, बूथ का निरीक्षण भी किया

पात्र मतदाता का नाम न छूटे, अपात्र का नाम न जुड़े, बिना नोटिस किसी का नाम न हटे : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोतम ने सोमवार को हरिद्वार में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे, किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो तथा बिना नोटिस के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए।समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एसआईआर अभियान के सफल संचालन के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह अनिवार्य रूप से संवाद किया जाए तथा मतदाता सूची से जुड़ी सभी विसंगतियों एवं नोटिसों की सुनवाई बीएलओ स्तर पर करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जनपद में मतदाताओं के डिजिटाइजेशन का कार्य 90.54 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं, मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों एवं ‘अनमैप्ड (Unmapped)’ श्रेणी के 92,594 मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीएलओ स्तर पर की जा रही है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से लिया फीडबैक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसंगतियों के संबंध में जारी सभी नोटिसों की सुनवाई बीएलओ स्तर पर होगी। वहीं, अनमैप्ड मतदाताओं के सत्यापन के लिए निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बिना नोटिस के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।

हरिद्वार में अभियान की प्रगति पर जताया संतोष

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहे एसआईआर-2026 अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अभियान को सुव्यवस्थित और प्रभावी बताते हुए जिलाधिकारी, एईआरओ, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की और इसी पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।

बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय मतदान केंद्र का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर तैनात बीएलओ से मतदाता सत्यापन, नोटिस वितरण तथा अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर विधायक फुरकान अहमद, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसडीएम योगेश मेहरा, एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, एसएलओ आकाश जोशी, वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, नगर आयुक्त रुड़की सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *