हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे प्रचार को कांग्रेस ने भ्रामक बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश को विकास के बजाय निराशा, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं और देश पर कर्ज का बोझ कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक लाख से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं, जबकि कांग्रेस सरकारों के समय स्थापित किए गए 50 से अधिक सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंप दिया गया है।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार चुनौतियों का सामना कर रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं तथा महंगाई पर सरकार का कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है। बेरोजगारी बढ़ रही है, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है।
आलोक शर्मा ने कहा कि देश केवल धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दों से नहीं चलता, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था, सामाजिक समरसता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रभावी विदेश नीति से आगे बढ़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में विदेश नीति, आर्थिक नीति और सामाजिक नीति सभी मोर्चों पर कमजोर साबित हुई हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे आर्थिक अपराधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के घोटालों के आरोपी देश छोड़कर विदेश भाग गए, लेकिन सरकार उन्हें वापस लाने में सफल नहीं रही। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से भी सवाल किया कि राज्य से पलायन रोकने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं और उसका परिणाम क्या रहा है।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण विदेशी निवेश प्रभावित हो रहा है और निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश के सामने मौजूद वास्तविक समस्याओं से ध्यान हटाने के बजाय सरकार को रोजगार, महंगाई और आर्थिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता मनोज सैनी, रवीश भटीजा, सोम त्यागी, राजबीर सिंह चौहान, समर्थ अग्रवाल, मनोज जाटव तथा समर्थ ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।