जनपद हरिद्वार के प्राथमिक विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन, नवोदय में कई बच्चों का चयन, डीईओ अमित कुमार ने फोन कर दी बधाई

हरिद्वार। नवोदय विद्यालय समिति (NVS) द्वारा आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2025 का परिणाम घोषित होते ही जनपद हरिद्वार के विभिन्न राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में खुशी की लहर दौड़ गई। कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित इस परीक्षा में जिले के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन प्राप्त किया है।

विकासखंड नारसन के विद्यालयों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुंडियाकी से ईशिका और अलसिफा का चयन हुआ है। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय नगला इमरती से छात्रा सोमिया ने मेरिट में 19वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय झबरेड़ी कला से कुमारी दिव्या का चयन हुआ, जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय नूरपुर बूढ़पुर से जेम्स घुंडरवाल ने सफलता हासिल की। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय श्यामपुर, नारसन से प्रिंस कोहली एवं दीपेश कोहली का चयन भी हुआ है। नगला इमरती सहित विकासखंड नारसन क्षेत्र से कुल सात विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।

वहीं विकासखंड बहादराबाद से भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पूरनपुर, बहादराबाद के छात्र आदर्श बर्मन का चयन हुआ है। साथ ही जीपीएस खाला टीरा के छात्र का सिफान का भी चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है, पारस नौटियाल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खाण्ड गांव, बहादराबाद ने भी प्रतियोगिता पास की जिससे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे राजकीय विद्यालयों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और मेहनत से बच्चे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने सभी विद्यालयों से इसी प्रकार निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालयों में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क होता है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है।




..….जब जिला शिक्षाधिकारी अमित कुमार ने फोन कर दी प्रधानाध्यापकों एवं बच्चों को बधाई

जनपद में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) अमित कुमार चंद ने चयनित विद्यार्थियों के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को फोन कर उन्हें बधाई दी।

उन्होंने एक-एक कर उन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से वार्ता की, जिनके छात्र-छात्राओं का नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने चयनित विद्यार्थियों से भी सीधे बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की मेहनत, लगन और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों बल्कि पूरे विद्यालय और जनपद के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

अमित कुमार चंद ने सभी विद्यालयों से इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि आने वाले समय में और अधिक विद्यार्थी नवोदय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *