राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 7 में चिकित्सकों ने जांचा बच्चों का स्वास्थ्य, आवश्यक सलाह दी

हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 07, विकासखंड बहादराबाद में आज बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, वजन, ऊंचाई सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए, ताकि बच्चों के समग्र स्वास्थ्य का सही आकलन किया जा सके।

जांच के दौरान कई बच्चों में दांतों से जुड़ी समस्याएं भी पाई गईं। इस पर चिकित्सकों ने बच्चों को नियमित रूप से सुबह-शाम ब्रश करने के साथ-साथ रात्रि में सोने से पहले गुनगुने पानी से कुल्ला करने की सलाह दी, ताकि दांतों को स्वस्थ रखा जा सके और संक्रमण से बचाव हो।

इस अवसर पर डॉ. विनय सिंह ने कहा कि “बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद आवश्यक है, क्योंकि प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारियों की पहचान हो जाने से उनका उपचार आसान हो जाता है। स्वस्थ बच्चा ही देश का उज्ज्वल भविष्य होता है, इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।” उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

डॉ. सुषमा मिश्रा ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी, जबकि फार्मेसिस्ट वीरेंद्र दत्त चमोली ने दवाइयों के सही उपयोग और समय पर सेवन के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ ने चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *