हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर की प्रधानाध्यापिका को कथित रूप से बच्चों से लकड़ी ढुलवाने के आरोप में निलंबित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा. शि.) अमित कुमार चन्द ने अवगत कराया है कि प्रधानाध्यापिका राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर, बहादराबाद के सम्बंध में मीडिया में प्रसारित समाचार से यह तथ्य प्रकाश में आया है कि उनके द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से मध्याहन् भोजन योजना के लिए लकड़ियाँ ढुलाई का कार्य कराया गया, जिसका जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया है, इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अवगत कराया है कि प्रधानाध्यापिका द्वारा छात्रों से लकड़ी ढुलाई का कार्य कराया गया है। प्रधानाध्यापिका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर, बहादराबाद, हरिद्वार को उत्तराखण्ड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन्होंने अवगत कराया है कि उक्त अनियमितताओं के सम्बन्ध में आरोप पत्र पृथक से निर्गत किया जायेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत प्रधानाध्यापिका राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर निलंबन की अवधि में कार्यालय उप शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद में उपस्थिति देंगे।