अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक 23 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में यूपी पुलिस के दो कर्मियों और सीआरपीएफ के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है। घटना हसनपुर क्षेत्र के झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस की बताई जा रही है। मामले में हसनपुर कोतवाली के दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद कुमार, सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल मोहित और इंस्पेक्टर लालाराम यादव को नामजद किया गया है। यूपी पुलिस के दोनों कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में काम करती है। युवती की पहचान एक महिला परिचित के माध्यम से सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 21 सितंबर को युवती सोनीपत में मोहित से मिली। इसके बाद वह मोहित के साथ कार से मेरठ पहुंची, जहां सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी उनके साथ हो गए।
आरोप है कि 22 सितंबर की शाम तीनों हसनपुर पहुंचे। हसनपुर कोतवाली के बाहर से सादे कपड़ों में दरोगा संजय तोमर भी कार में सवार हो गया। इसके बाद युवती को झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस ले जाया गया, जहां दो कमरे लिए गए। कुछ देर बाद हसनपुर कोतवाली में तैनात सिपाही प्रमोद कुमार भी खाना और शराब लेकर वहां पहुंचा।
युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रात में मोहित, लालाराम यादव और संजय तोमर उसके कमरे में जबरन पहुंचे और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद जब सिपाही प्रमोद कुमार कमरे में पहुंचा तो युवती ने विरोध करते हुए उसे धक्का दिया और कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली।
पीड़िता के मुताबिक, उसने ऑनलाइन पुलिस हेल्पलाइन नंबर तलाशकर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
विधायक के फार्म हाउस से जुड़ा मामला
जिस फार्म हाउस में घटना की शिकायत की गई है, उसे उत्तराखंड के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस ने फार्म हाउस के मैनेजर से भी पूछताछ की है।
विधायक उमेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि घटना वाली रात कुछ लोग फार्म हाउस पर पहुंचे थे और उन्हें बताया गया था कि वे गृह मंत्रालय से संबंधित किसी जांच के सिलसिले में आए हैं। विधायक के अनुसार, बाद में पुलिस वहां पहुंची और लोगों को अपने साथ ले गई। पुलिस जांच में फार्म हाउस के स्वामित्व और वहां मौजूद लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
चारों आरोपी गिरफ्तार, विभागीय कार्रवाई शुरू
अमरोहा पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। यूपी पुलिस के दरोगा और सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि दोनों सीआरपीएफ कर्मियों के संबंध में संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फार्म हाउस पर उस रात मौजूद लोगों, घटनाक्रम और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।