1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर होगी जनसंख्या गणना, प्रदेश में 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित; 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
देहरादून (डॉ. शिवा अग्रवाल)। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इससे पहले नागरिकों को 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत लोग प्रगणकों के घर पहुंचने से पहले आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में सचिव जनगणना दीपक कुमार और निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना के सफल संचालन के लिए प्रदेश में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जनसंख्या गणना के बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है।
प्रदेश में बनाए गए 34,443 गणना ब्लॉक
अधिकारियों के अनुसार, उत्तराखंड में जनसंख्या गणना के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनके संचालन के लिए 26,830 प्रगणकों और 4,676 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्य के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर तैनात किए गए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा चुके हैं।
परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े 40 बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी
जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित परिवार अनुसूची के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य का विवरण दर्ज करेंगे। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि एवं आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता एवं शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियां, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान और प्रवास के कारण सहित कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।
इसके अतिरिक्त अधिसूचना में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार बैंक खातों की संख्या तथा मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित विवरण भी लिया जाएगा।
सहायता के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन जारी
जनगणना से संबंधित जानकारी और नागरिकों की सहायता के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर जनगणना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह रहेंगे गोपनीय
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत जनगणना के दौरान एकत्र किए जाने वाले सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय एवं जनहित संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाता है। जनगणना-2027 में उपयोग किए जा रहे डिजिटल उपकरणों में मजबूत एन्क्रिप्शन एवं बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि आंकड़ों की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके।
नागरिकों से स्व-गणना में भाग लेने की अपील
अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही, जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सही एवं पूर्ण उत्तर देकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना सुशासन एवं विकास नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त आंकड़े आने वाले दशक में देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण और नीतिगत निर्णयों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए जनगणना-2027 की सफलता के लिए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है।
प्रेस वार्ता में जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एस.एस. नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, उप निदेशक आर.के. बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।