डीपीसी हुए शिक्षकों की पदोन्नति सहित विभिन्न मांगो को लेकर एसोसिएशन ने डीईओ को दिया ज्ञापन

हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) अमित कुमार चंद से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा की।

ज्ञापन में बताया गया कि 24 जून 2025 को आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में कुल 136 सहायक अध्यापकों की प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति हेतु संस्तुति की गई थी। इनमें से 114 शिक्षकों को पदोन्नति मिल चुकी है, जबकि 22 शिक्षक अभी भी पदोन्नति से वंचित हैं। एसोसिएशन ने कहा कि वर्तमान में कई प्रधानाध्यापक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जिससे पद रिक्त हैं। ऐसे में शेष शिक्षकों को भी उनकी डीपीसी संस्तुति के आधार पर शीघ्र पदोन्नति प्रदान की जाए।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने एनओसी जांच उपरांत शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों के अंकों को सेवा पुस्तिका में अंकित किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि कई शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन पूरा हो चुका है, लेकिन विवरण अभी तक सेवा पुस्तिका और विभागीय पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया है।

शिक्षक संगठन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान संपादित होने वाले एसआईआर कार्य के बदले शिक्षकों को उपार्जित अवकाश स्वीकृत करने की मांग भी रखी। साथ ही कोविड-19 काल में अर्जित उपार्जित अवकाश को सेवा पुस्तिका में दर्ज करने तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश में आयोजित कार्यों के दौरान विद्यालयों में आवश्यक भोजन व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार, जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण भट्टाचार्य, जिला उपाध्यक्ष डॉ. शिवा अग्रवाल, जिला संगठन मंत्री रवि कुमार गोस्वामी, जिला उप मंत्री शरद भारद्वाज, खानपुर अध्यक्ष प्रमोद अधाना, सोमपाल पंवार, सुनील बोहरे, बहादराबाद मंत्री चंद्रकांत बिष्ट, विपिन सचान, विनेश चौहान, राजीव चौहान, अतुल कुमार सहित कई अध्यापक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *