उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, मारपीट और हत्या की साजिश के आरोप

जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप, सोशल मीडिया पर ऑडियो-वीडियो साझा कर महिलाओं से घरेलू उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री ने पति पर मारपीट, घरेलू उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। शिकायत में एक ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश से जुड़े आरोप भी सामने आए हैं। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वहीं बताया जा रहा है कि इस प्रकरण के बाद रेखा आर्य की तबियत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस में शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर साझा किया ऑडियो

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दर्ज कराए गए मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो और पति से संबंधित एक ऑडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लेना पड़ा।

मंत्री के मुताबिक, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था। मामले के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

महिलाओं से बोलीं—घरेलू उत्पीड़न के खिलाफ तोड़ें चुप्पी

मुकदमा दर्ज कराने के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने महिलाओं से घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के मामलों में चुप न रहने की अपील की। उन्होंने संदेश दिया कि किसी भी महिला को घरेलू अत्याचार सहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “महिला आम हो, महिला खास हो… घरेलू अत्याचार न सहना है, न सहना है, बल्कि उसे कहना है।”

उनकी इस अपील के जरिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और प्रताड़ना की स्थिति में उचित कानूनी सहायता लेने का संदेश दिया गया।

पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी आगे की स्थिति

कैबिनेट मंत्री की ओर से अपने पति के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद अब पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *