हरिद्वार। बीएचईएल टाउनशिप में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान गणना के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज भेल के मानव संसाधन विकास केंद्र के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, जिसमें 53 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षक डॉ. शिवा अग्रवाल ने बताया कि तीन दिनों तक प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण की बारीकियों को विस्तार से समझाया गया। इस दौरान उन्हें सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे कार्य को प्रभावी ढंग से संपादित कर सकें। उन्होंने बताया कि डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया तथा घर-घर सर्वेक्षण की विधियों पर विशेष जोर दिया गया।


वहीं प्रशिक्षक रवि कुमार गोस्वामी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के अंतिम दिवस प्रतिभागियों को फील्ड में ले जाकर अभ्यास कराया गया, जहां उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप में अपनाया। इस दौरान मौके पर ही उनकी शंकाओं का समाधान किया गया और कार्य की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अंत में बीएचईएल की ओर से सहायक जनगणना अधिकारी मंगल सिंह मुंडा एवं नोडल श्री शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी प्रतिभागी आगामी जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं दक्षता के साथ संपन्न करेंगे।