शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में मोहन भागवत का संदेश—अनुशासन और समर्पण से ही शताब्दियों तक जीवित रहते हैं संगठन

माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप प्रज्वलन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे संघ प्रमुख, विशेष डाक टिकट का हुआ विमोचन

हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज में शनिवार को माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप प्रज्वलन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और बैंड की मधुर धुनों के बीच तीन पवित्र कलशों के आगमन के साथ हुआ। ये कलश युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार से विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण का संदेश देते हुए शांतिकुंज पहुंचे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती के साथ उनका स्वागत किया।

संगठन को सौ वर्षों तक अनुशासित रखना बड़ी साधना : मोहन भागवत

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन का सौ वर्षों तक निरंतर कार्य करते रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, लेकिन उसे अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी साधना है। संगठन की यात्रा में अनेक चुनौतियां और उपेक्षाएं आती हैं, लेकिन निरंतर सेवा, निष्ठा और समर्पण के माध्यम से समाज का विश्वास और सहयोग प्राप्त होता है।उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को लेकर किसी प्रकार की चिंता या संदेह करने की आवश्यकता नहीं है। आज विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है और समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में संपूर्ण मानवता का मार्गदर्शन करने की क्षमता है।

डॉ. भागवत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और गायत्री परिवार जैसे संगठनों का कार्य ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भगवान हनुमान को अपना आदर्श मानते हुए निस्वार्थ भाव से समाज सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के कार्यों में जुटें।

माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट जारी

समारोह में माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, सेवा, मातृत्व और समाज निर्माण में योगदान को समर्पित विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की।

शैलदीदी से की आत्मीय भेंट, अखंड दीप के किए दर्शन

शांतिकुंज प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से भी आत्मीय भेंट की। इस दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन किए तथा युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

40 देशों से पहुंचे गायत्री परिवार के प्रतिनिधि

दो दिवसीय शताब्दी समारोह में देश-विदेश के लगभग 40 देशों से 24 हजार से अधिक गायत्री परिवार के परिजनों और साधकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजन का उद्देश्य माता भगवती देवी शर्मा के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता, नशामुक्ति, संस्कारयुक्त समाज और युवा जागरण को गति देना है।

समारोह के आगामी सत्रों में भारतीय संस्कृति, देव संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर संतों, विद्वानों और प्रमुख अतिथियों द्वारा विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *