निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, नवंबर 2026 से प्रस्तावित है जनसंख्या गणना का कार्य

जनगणना-2027: डिजिटल प्रक्रिया से होगी जनसंख्या गणना, फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण

हरिद्वार। आगामी जनगणना-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के सफल संचालन के लिए 12 से 14 अक्टूबर तक विकास भवन सभागार में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।

इस बार पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल

जनगणना-2027 की खास बात यह है कि इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे, जबकि कार्य की निगरानी के लिए सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से आंकड़ों के संकलन, उनकी शुद्धता और कार्य की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निदेशक ने पारदर्शिता और सटीकता पर दिया जोर

14 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्ध संकलन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के निर्देश

निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ ही उन्हें तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने जनगणना कार्य की नियमित निगरानी करने और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर जनगणना का कार्य सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके।

सीडीओ ने दिया तैयारियां समय से पूरी करने का भरोसा

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रशिक्षण से लेकर जमीनी स्तर पर कार्य के संचालन और निगरानी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।

ये लोग रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मोहम्मद मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम, नीरज कुमार एवं शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *