देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 19 मई से 21 मई 2026 तक प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा इस अवधि में किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
20 मई को सभी शिक्षण संस्थान और कार्यालय रहेंगे बंद
पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी को श्रद्धांजलि स्वरूप उनकी अंत्येष्टि के दिन 20 मई 2026 को राज्य सरकार के सभी कार्यालयों के साथ-साथ विद्यालयी शिक्षा के अंतर्गत आने वाले समस्त सरकारी, अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थान और कार्यालय बंद रहेंगे।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड एवं प्रारंभिक शिक्षा उत्तराखंड के निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती द्वारा जारी पत्र में सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जननेता को श्रद्धांजलि
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी उत्तराखंड की राजनीति के एक स्वच्छ छवि वाले, ईमानदार और दूरदर्शी नेता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी प्रशासक और जनसेवक को खो दिया है। राज्यभर में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।