हरिद्वार। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा के पद पर तैनात आशुतोष भंडारी की संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति के बाद हरिद्वार में इसी पद पर जयहरीखाल ब्लॉक में तैनात अमित कुमार चंद को डीपीसी के उपरांत हरिद्वार का नया जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि खण्ड शिक्षा अधिकारी के पद से पदोन्नत चार अधिकारियों को उप निदेशक पद पर नई तैनाती दी गई है। जिसके तहत नरेश कुमार को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरिद्वार के पद पर तैनाती के साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी, हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। जबकि अमित कुमार को जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) हरिद्वार, हिमांशु नौगांई को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) पिथौरागढ़, तथा अंशुल बिष्ट को जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) पौड़ी का दायित्व सौंपा गया है। अमित कुमार चंद को एक सक्रिय अधिकारी के रूप में जाना पहचाना जाता है।
अमित कुमार चंद को वर्ष 2020-21 व 2021-22 में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर नवोन्मेश एवं नवाचार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। यह पुरस्कार उन्हें राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान की ओर से अंबेडकर भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा प्रदान किया गया था। श्री कुमार के आने से जनपद में शैक्षिक क्रियाकलापों को गति मिलेगी।