हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर हरिद्वार जनपद में 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को सभी राजकीय, परिषद/सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बंद रहेगा।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयूर दीक्षित की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग ने 5 सितंबर को जनपद के कहीं-कहीं भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
आदेश के अनुसार भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं एवं बालहित को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत हरिद्वार जनपद के सभी राजकीय, परिषद/सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय और समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 5 सितंबर को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय अथवा विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।