शिक्षा का अधिकार डेस्क। उत्तराखंड के 550 सरकारी स्कूलों को कॉरपोरेट समूह गोद लेंगे। सरकार ने उत्तराखंड के विभिन्न उद्योग समूहों से वार्ता कर 30 जुलाई को एमओयू करने जा रहा है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बताया कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कॉरपोरेट समूहों और शिक्षा विभाग के बीच स्कूल को गोद लेने का एमओयू होगा।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि सरकार उत्तराखंड में शिक्षा के आधुनिकीकरण और बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिये उद्योग जगत के साथ मिलकर एक नई पहल शुरू करने जा रही है। इसमें 550 सरकारी स्कूलों को प्रवासियों समेत कॉरपोरेट समूह से जोड़ा जा रहा है। इनमें अधिकांश स्कूल पर्वतीय क्षेत्र के होंगे, ताकि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच इन स्कूलों में सीएसआर फंड से अवस्थापना सुविधाओं के साथ-साथ मॉडल क्लास रूम, कम्प्यूटर लैब, साइंस लैब, पुस्तकालय, फर्नीचर, शौचालय, खेल सामग्री, खेल मैदान और चाहरदीवारी आदि सुविधाएं मिल सकें।
हर स्कूल को एक उद्योग समूह गोद लेगा और इसके लिए 550 उद्योगपति 30 जुलाई को एमओयू करने देहरादून पहुंच रहे हैं। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य उद्योग समूहों के कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी फंड के माध्यम से सूबे के विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं के साथ एक नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि राज्य में 559 ऐसे विद्यालय हैं, जिनमें व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। ऐसे में स्कूलों के उद्योग समूहों से जुड़ने से उद्योगों की जरूरत के अनुसार व्यवसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा सकेंगे।