व्यक्तिगत टिप्पणियों से लेकर भ्रष्टाचार और संपत्तियों तक पहुंची नेताओं की बयानबाजी
देहरादून। उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। प्रदेश का सियासी तापमान इन दिनों दो अलग-अलग विवादों के चलते चढ़ा हुआ है। एक ओर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और जैनी प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं गर्म हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और वर्तमान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई जुबानी जंग ने सियासत को नया मोड़ दे दिया है।
हरीश रावत और रेखा आर्य के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप
हरीश रावत और रेखा आर्य के बीच विवाद की शुरुआत 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति को लेकर उठे सवालों से हुई। रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखकर पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल, वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम, डेनिस शराब विवाद, स्टिंग वीडियो, नैनीसार भूमि प्रकरण और खनन जैसे मुद्दों को उठाते हुए उन पर तीखे हमले किए।
रेखा आर्य ने हरीश रावत को ‘डेनिस बाबा’, ‘कुर्सी कुमार’, ‘झूठाचार्य’ और ‘स्वार्थ सम्राट’ जैसे विशेषणों से संबोधित करते हुए उनके राजनीतिक कार्यकाल पर सवाल खड़े किए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि हरीश रावत ने व्यक्तिगत टिप्पणियां जारी रखीं तो वह उनके कार्यकाल से जुड़े अन्य मामलों को भी सार्वजनिक करेंगी।
हरीश रावत ने भी किया पलटवार
रेखा आर्य के हमले के बाद हरीश रावत ने भी सोशल मीडिया पर विस्तृत पोस्ट जारी कर पलटवार किया। उन्होंने रेखा आर्य के परिवार से जुड़ी कथित संपत्तियों का उल्लेख करते हुए हल्द्वानी, बरेली-शाहजहांपुर रोड और देहरादून में संपत्तियों के स्वामित्व तथा आय के स्रोतों की जांच की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।
हरीश रावत ने डेनिस शराब विवाद पर अपनी सरकार की नीति को स्थानीय फल, सब्जी और गन्ना उत्पादकों को प्रोत्साहन देने वाला निर्णय बताया। वहीं स्टिंग वीडियो को लेकर भाजपा से सवाल किया कि यदि उसमें भ्रष्टाचार के प्रमाण थे तो पिछले दस वर्षों में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उनके पास 210 करोड़ रुपये के मुद्दे के अलावा भी कई जानकारियां हैं और जरूरत पड़ने पर वह अन्य मामलों को भी उठाएंगे।
एक तरफ जैनी प्रकरण, दूसरी ओर 210 करोड़ की सियासी लड़ाई
प्रदेश की राजनीति में एक ओर हरक सिंह रावत से जुड़ा जैनी प्रकरण चर्चा में है, तो दूसरी ओर हरीश रावत और रेखा आर्य के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार तीखा होता जा रहा है। दोनों विवादों ने भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को आमने-सामने ला दिया है।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि ये विवाद केवल सोशल मीडिया की बयानबाजी तक सीमित रहते हैं या फिर आने वाले दिनों में जांच, दस्तावेजों और नए खुलासों के रूप में आगे बढ़ते हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में इस तरह के घटनाक्रमों ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।