‘डेनिस बाबा’, ‘कुर्सी कुमार’, ‘झूठाचार्य’ और ‘स्वार्थ सम्राट’ जैसे नामों से किया संबोधित, 2016 के सियासी घटनाक्रम से लेकर कथित भ्रष्टाचार तक उठाए सवाल
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पर सोशल मीडिया के माध्यम से तीखा हमला बोला है। रेखा आर्य ने एक लंबी और तल्ख पोस्ट लिखकर हरीश रावत को कई उपनामों से संबोधित किया। उन्होंने ‘डेनिस बाबा’, ‘कुर्सी कुमार’, ‘कुर्सीभोगी महाराज’, ‘झूठाचार्य’, ‘स्वार्थ सम्राट’, ‘राजनीति का गिरगिट’ और ‘वादों का व्यापारी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके राजनीतिक कार्यकाल और कार्यशैली पर सवाल उठाए।
रेखा आर्य ने अपनी पोस्ट में वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार से करीब एक दर्जन विधायकों ने दूरी बना ली थी। उन्होंने इसे नैतिकता से जुड़ा फैसला बताते हुए कहा कि वह स्वयं भी उस समय हरीश रावत से दूर होने के निर्णय को सही मानती हैं। उन्होंने उस दौर को उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का काला अध्याय करार दिया।
डेनिस विवाद और स्टिंग वीडियो का किया उल्लेख
कैबिनेट मंत्री ने अपने पोस्ट में डेनिस प्रकरण, कथित स्टिंग वीडियो और मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए हरीश रावत पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पुराने वीडियो में कथित तौर पर विभागीय नीतियों में बदलाव, धनराशि और सत्ता बचाने के लिए लेन-देन से जुड़ी बातचीत सामने आई थी। रेखा आर्य ने कहा कि यदि हरीश रावत के पास ये वीडियो उपलब्ध नहीं हैं तो वह उन्हें उपलब्ध करा सकती हैं।
नैनीसार भूमि और खनन को लेकर भी उठाए सवाल
रेखा आर्य ने नैनीसार भूमि प्रकरण और तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में खनन से जुड़े मामलों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश की भूमि और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े फैसलों पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। उन्होंने हरीश रावत के पुराने बयान ‘न खाता न बही, जो हरीश रावत कहे वही सही’ का उल्लेख करते हुए उनके राजनीतिक रवैये पर तंज कसा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए तंत्र-मंत्र और अन्य गतिविधियों पर धन खर्च किए जाने की बातें तत्कालीन सहयोगियों द्वारा सार्वजनिक मंचों पर कही गई थीं। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि ये आरोप स्टिंग वीडियो का हिस्सा नहीं, बल्कि तत्कालीन सहयोगियों द्वारा लगाए गए आरोप हैं।
2027 की राजनीति और कांग्रेस नेतृत्व पर भी तंज
रेखा आर्य ने अपनी पोस्ट में हरीश रावत की राजनीतिक सक्रियता, कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात के कथित प्रयासों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरीश रावत एक बार फिर मुख्यमंत्री की कुर्सी की महत्वाकांक्षा में सक्रिय हैं। उन्होंने उत्तराखंड की कुमाऊंनी कहावत का उल्लेख करते हुए लिखा कि जिसकी सुनने वाला कोई नहीं होता, उसे भाषण देने की बीमारी अधिक होती है।
पोस्ट में उन्होंने हरीश रावत की कथित स्वागत यात्रा और कुछ समय के लिए राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाने के घटनाक्रम पर भी तंज कसा।
‘भाषा पर लगाम लगाएं, वरना पुराने अध्याय खोलने पड़ेंगे’
रेखा आर्य ने पोस्ट के अंतिम हिस्से में हरीश रावत को अपनी भाषा पर संयम रखने की चेतावनी दी। उन्होंने ‘बबली’ शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे महिलाओं और परिवार के संदर्भ में अनुचित बताया। साथ ही कहा कि यदि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और संपत्ति को लेकर सवाल उठाए जाते हैं तो हरीश रावत को पहले अपने परिवार की संपत्तियों और आय के स्रोतों पर भी बात करनी चाहिए।
उन्होंने अंत में शेर की खाल ओढ़कर सियार के शेर न बनने की कहावत का उल्लेख करते हुए हरीश रावत पर निशाना साधा। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस को मजबूत विपक्ष की जरूरत है और वह नहीं चाहतीं कि विपक्ष कमजोर हो।
रेखा आर्य की इस पोस्ट के बाद उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और भाजपा के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज होने के संकेत हैं।