देहरादून। उत्तराखंड शासन ने 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में 17 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तराखंड में वर्ष 2026 के लिए पूर्व में घोषित सार्वजनिक अवकाशों की सूची में संशोधन करते हुए निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
बैंक और कोषागार भी रहेंगे बंद
शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 19 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर प्रदेश के बैंक, कोषागार और उपकोषागार भी बंद रहेंगे। इस संबंध में पूर्व में जारी अधिसूचना में आवश्यक संशोधन किया गया है। अन्य शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
यह अधिसूचना उत्तराखंड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से जारी की गई है।