27 सितंबर को हरिद्वार समेत चार जिलों में रेड अलर्ट, भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

हरिद्वार। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 सितंबर को हरिद्वार समेत देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के आधार पर विभिन्न जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 25 सितंबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

27 सितंबर को इन चार जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए इन चारों जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 26 और 27 सितंबर को जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में लोग अनावश्यक रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले स्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाएं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी सेवाओं को पूरी तरह तत्पर रखा जाए और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आपदा की सूचना तत्काल दें

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में नागरिकों से इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है—

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार: 01334-223999

टोल फ्री: 1077

मोबाइल: 7055258800, 9528250926

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा उच्च स्तर की सतर्कता और तत्परता के साथ किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *