भेल रानीपुर के प्रतिष्ठित स्कूल से निकाले गए दो शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज, अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

हरिद्वार। पूर्व छात्राओं को शिक्षकों द्वारा कथित रूप से अश्लील मैसेज करने के मामले में शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल से हटाए गए दोनो शिक्षकों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। उधर पुलिस जांच में जुटी है अभी तक बुलाने पर छात्राओं ने बयान दर्ज नहीं कराए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक शिक्षक की ओर से चार वर्ष पहले स्कूल छोड़ चुकी एक छात्रा से मोबाइल पर चैटिंग की जा रही थी। हाल ही में छात्रा ने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी पोस्ट साझा की, जिसमें स्क्रीनशॉट भी होने की बात कही जा रही है। यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं और मामला तूल पकड़ गया। विवाद बढ़ने पर स्कूल प्रबंधन ने जांच समिति गठित की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों शिक्षकों को हटा दिया गया। बताया जा रहा कि छात्रा ने बाद में अपनी सोशल मीडिया पोस्ट हटा ली और बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची है। दूसरा शिक्षक भी एक पूर्व छात्रा से संपर्क में था। इधर, देर रात स्कूल की तहरीर पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी शांति गंगवार ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कुंभनगरी के सबसे ज्यादा छात्र संख्या एवं खुद को कथित रूप से अनुशासित स्कूल बताने वाले रानीपुर स्थित एक स्कूल में अनुशासन की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। पहले शिक्षा का अधिकार अधिनियम की अवहेलना कर कक्षा कक्षों में जरूरत से ज्यादा बच्चे भरना उस पर बच्चों की पर्याप्त देखभाल के अभाव में अनुशासन ने पूरी तरह दम तोड़ दिया है। गत वर्षों में फेयरवेल के नाम पर तांडव और अब शिक्षकों पर ही छात्राओं ने आरोप लगाकर पूरे प्रबंधन को कटघरे में ला खड़ा किया है। अब स्कूल प्रबंधन ने मामला संज्ञान में आने पर आनन फानन में कार्यवाही की है।

पिछले कुछ वर्षों से भेल रानीपुर स्थित इस स्कूल में अनुशासन एवं शैक्षिक वातावरण को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *