देहरादून। जिले में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों के बीच जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद ग्राहक बनकर छापा मार दिया। डीएम बिना स्टाफ के स्वयं गाड़ी चलाकर ओल्ड मसूरी रोड स्थित एक अंग्रेजी शराब के ठेके पर पहुंचे और वहां से मैकडॉवेल की 660 रुपये एमआरपी वाली बोतल खरीदी।

बताया गया कि सेल्समैन ने उनसे 680 रुपये वसूल लिए। एमआरपी से 20 रुपये अधिक वसूली की पुष्टि होते ही डीएम ने तत्काल प्रशासनिक टीम को मौके पर बुलाया। जांच में ओवररेटिंग सही पाए जाने पर ठेका संचालक के खिलाफ 50 हजार रुपये का चालान किया गया।
डीएम ने मौके पर मौजूद ग्राहकों और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। कई लोगों ने 20 से 25 रुपये तक अधिक वसूली की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के अन्य ठेकों की भी सघन जांच की जाए और ओवररेटिंग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।