हरिद्वार। जगजीतपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात जंगल से निकलकर रिहायशी कॉलोनी में घूम रहे हाथी को एक युवक ने जानबूझकर स्कूटर से टक्कर मारी। गनीमत रही कि हाथी ने युवक पर हमला नहीं किया। आसपास के घरों और लोगों को भी किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने देर रात हाथी को परेशान कर रहे युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और उल्टा बदसलूकी करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही के चलते कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के साथ ही आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।