विद्यालय परिसर में शराब पीकर आने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है की अभिभावकों की बैठक में कार्यरत दो शिक्षक शराब के नशे में उपस्थित हुए।
कपकोट (बागेश्वर)। हाम्टी कापड़ी गांव के जूनियर हाईस्कूल बिरुवा बिलौना में सोमवार को दो शिक्षक नशे में स्कूल पहुंचे। इसका वीडियो वायरल होने पर डीएम आशीष भटगांई ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर जांच बिठा दी।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में सोमवार को शिक्षकों और अभिभावकों की बैठक थी। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में कार्यरत दोनों शिक्षक नशे में धुत होकर बैठक में पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों रोज इसी तरह स्कूल पहुंचते हैं। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले का संज्ञान लेने की अपील भी की। मामले का संज्ञान लेकर बागेश्वर के डीएम आशीष भटगांई ने आरोपी शिक्षकों को निलंबित करने के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि यह गंभीर मामला है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.एस. सौन के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी चक्षुपति अवस्थी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने दोनों आरोपी शिक्षकों के खून की जांच के लिए सैंपल भरवाए। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।