भोजनमाता को सम्मोहित कर ठगों ने ठग लिए सोने के कुंडल

हरिद्वार। ज्वालापुर के सीतापुर क्षेत्र में एक भोजन माता को सम्मोहित कर सोने के कुंडल ठग लिए गए। पीड़िता ने मदद की गुहार लगाई है। सीसीटीवी में ठगों की तस्वीर कैद हो गई है पुलिस का दावा है कि तीनों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, रीना शर्मा निवासी रमा विहार कॉलोनी जमालपुर कनखल काफी समय से ज्वालापुर पुरानी घास मंडी स्थित माता वैष्णो देवी स्कूल में भोजन माता हैं। रीना शर्मा ने बताया कि स्कूल से पैदल घर लौटने के दौरान सीतापुर में तीन संदिग्धों ने रोक लिया। उन्होंने कहा कि घर में जो भी परेशानियां हैं, दूर हो जाएंगी। बेटे की नौकरी भी लग जाएगी। अपनी बातों में उलझाकर आरोपियों ने सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद एक पत्ता देकर किनारे रखने के लिए कहा। कुछ मिनट बाद रीना शर्मा ने मुड़कर देखा तो तीनों गायब मिले। पीड़िता ने बताया कि उन्हें तीन हजार रुपये तनख्वाह मिलती है। इंटरनेट मीडिया पर आमजन ने कुंडल ठगने वालों को पकड़ने की मांग की। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *