कटारपुर प्राथमिक विद्यालय में चोरी, ताले तोड़कर टैबलेट व एमडीएम बर्तन ले गए चोर

हरिद्वार। विकासखंड बहादराबाद के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कटारपुर में गुरुवार सुबह चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के कई कक्षों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और कीमती सामग्री चोरी कर फरार हो गए।

प्रधानाध्यापक राकेश पंवार के अनुसार  02 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 7:20 बजे जब विद्यालय स्टाफ पहुंचा तो पुराने कार्यालय कक्ष का ताला टूटा मिला। अंदर का सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद अन्य कक्षों का निरीक्षण करने पर पाया गया कि लगभग सभी कक्षा-कक्षों, प्रधानाध्यापक कक्ष और कार्यालय कक्ष के ताले भी तोड़े गए थे। इंटरलॉक व्यवस्था को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

चोरों ने प्रधानाध्यापक कक्ष में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 4 सरकारी टैबलेट चोरी कर लिए। साथ ही महत्वपूर्ण अभिलेखों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कार्यालय कक्ष की अलमारी को भी तोड़कर सामान बिखेर दिया गया।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि चोर पुराने कार्यालय कक्ष से सटे बाथरूम तक पहुंचे और वहां रखी सीढ़ी का इस्तेमाल कर अन्य कक्षों में प्रवेश किया। एमडीएम कक्ष में रखे बर्तन बिखरे मिले, जिनमें से करीब 60-70 थालियां और लगभग 200 गिलास चोरी हो गए। बच्चों के पेयजल के लिए लगे आरो की टोंटियां भी उखाड़कर ले जाई गईं।

चोरों ने विद्यालय के किचन कक्ष में घुसने का भी प्रयास किया। बाहरी ताला तोड़ दिया गया, लेकिन अंदर का इंटरलॉक नहीं तोड़ पाए, जिससे किचन सुरक्षित बच गया।

घटना यहीं तक सीमित नहीं रही। परिसर में संचालित दो आंगनवाड़ी केंद्रों के ताले भी टूटे मिले और वहां का सामान भी बिखरा पाया गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने एक ही रात में पूरे शासकीय परिसर को निशाना बनाया। चोरी गए सामान में 4 टैबलेट, 2 कॉर्डलेस माइक और करीब 250 एमडीएम बर्तन (थालियां व गिलास) शामिल हैं।

घटना की सूचना संबंधित पुलिस चौकी फेरुपुर, थाना पथरी को दे दी गई है। विद्यालय प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *