हरिद्वार। द विनिंग एज सोसाइटी के तत्वावधान में आज राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 7 में स्वेटर व ऊनी कपड़ों का वितरण किया गया।

विदित हो कि अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए शिक्षा, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही संस्था द विनिंग एज के सौजन्य से राजकीय प्राथमिक विद्यालय 7 में कक्षा एक से पांच के बच्चों को स्वेटर, टोपी एवं मौजों का वितरण किया गया। अपने सन्देश में संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती विभूति राज्यलक्ष्मी जन्देव ने कहा कि संस्था लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है।
सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को संस्था पहले भी मदद करती आई है। उन्होंने कहा कि अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए संस्था के स्वयंसेवियों द्वारा विद्यालय में बच्चों को गर्म कपड़े बांटे गए। इस अवसर पर दीप्ति श्रीमाली, रूबी चौधरी, प्रिया आदि उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से सहायक अध्यापक डॉ. शिवा अग्रवाल ने संस्था का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शैक्षिक अधिगम एवं भौतिक संसाधन उपलब्ध कराने में संस्था का सहयोग मिलता रहता है।