हरिद्वार। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आज आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर कथित रूप से आउट हो गया है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने पत्रकार वार्ता एवं प्रमाण दिखाते हुए यह दावा किया है कि उनके पास पेपर के कुछ अंश 11 बजकर 35 मिनट पर ही आ गए गए थे। यह परीक्षा आज रविवार को 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित हुई है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ का दावा है कि जनपद हरिद्वार के भी एक परीक्षा केंद्र से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के दौरान कुछ डॉक्यूमेंट बाहर भेजे गए हैं। आरोप है कि किसी परीक्षा केंद्र से b सीरीज की बुकलेट से कुछ प्रश्नों की फोटो खींचकर बाहर भेजी गई। आरोप में कितनी सत्यता है परंतु आज के घटनाक्रम से अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा प्रणाली पर फिर सवालिया निशान लग गया है।
वहीं आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा में अनियमितताओं की खबरों पर यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष गणेश सिंह मार्तोलिया ने कहा, “आप इसे पेपर लीक नहीं कह सकते। एक केंद्र से प्रश्नपत्र के तीन पन्ने किसी तरह लीक हो गए… हमने सभी केंद्रों में जैमर लगाए हैं ताकि हम आश्वस्त हो सकें कि पेपर ऑनलाइन या किसी के साथ साझा नहीं किया गया है… हम मामले की जांच के लिए एसएसपी देहरादून और एसटीएफ को पत्र भेज रहे हैं। हम अपने स्तर पर भी जांच कर रहे हैं…”