पिल्ला गैंग ने की थी कनखल में फायरिंग, सरगना निकला लॉ का छात्र, पहुंचा सलाखों के पीछे

हरिद्वार। कनखल में गोलीबारी कर दहशत फैलाने वाले पिल्ला गैंग़ के सरगना के गले में पुलिस ने मुकदमे का पट्टा डाल दिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त रुख और लगातार दबिश के बाद आखिरकार गैंग का सरगना भानु भारद्वाज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के पास से तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि 2 दिन पहले कनखल क्षेत्र में कुछ नकाबपोश संदिग्धों ने कई जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस मामले में एक जूस विक्रेता की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया था। कनखल थाने की अलग-अलग पुलिस टीमों ने धर पकड़ करते हुए गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है। जल्द ही उसके कुछ और साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

एलएलबी का छात्र है गैंग का सरगना…..

भानु भारद्वाज लक्सर के भोगपुर का रहने वाला है और एलएलबी का छात्र है। लेकिन पढ़ाई के साथ-साथ उसने अपराध की राह पकड़ ली। पिल्ला गैंग का लीडर बनकर न सिर्फ अपराध करवाता था, बल्कि कोर्ट में अपने साथियों की पैरवी और जमानत कराने तक के पैंतरे आजमाता था। 15 सितंबर की रात भानु और उसके गुर्गों ने कनखल के जगजीतपुर इलाके में जगह-जगह फायरिंग की थी। शिकायतकर्ता मनोज कुमार की दुकान पर भी गोली चलाई गई, जिसमें वह बाल-बाल बचा।वारदात के बाद दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि फायरिंग पिल्ला गैंग ने ही की थी। आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि कुछ दिन पहले उसने देहरादून के सहारनपुर चौक पर भी आसिफ उर्फ बाबा पर गोलियां चलाई थीं। 16 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर भानु को दबोच लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *