गुज्जर बस्ती के बच्चों तक पहुंची शिक्षा की रोशनी, ऐथल विद्यालय में प्रवेशोत्सव बना उम्मीद का पर्व

हरिद्वार। लक्सर ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऐथल बुजुर्ग में मंगलवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया, जहां शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की प्रेरक पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी उपस्थित रहे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षण सामग्री और पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने अभिभावकों से संवाद कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया और शिक्षा को बेहतर भविष्य की कुंजी बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष भोज का भी आयोजन किया गया, जिससे उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो उठा।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल से चल रही प्रवेश प्रक्रिया के तहत अब तक 24 नए बच्चों का नामांकन किया जा चुका है। इनमें 14 बच्चे ऐसे हैं, जिन्होंने पहली बार स्कूल की दहलीज पर कदम रखा है। ये सभी बच्चे ऐथल क्षेत्र की गुज्जर बस्ती से हैं, जिन्हें विद्यालय से जोड़ना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इन बच्चों के लिए स्कूल आने-जाने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। संबंधित परिवार मूल रूप से डोईवाला क्षेत्र से विस्थापित होकर यहां बसे हैं। विद्यालय के शिक्षक फहीम अहमद ने बाल गणना के दौरान इन बच्चों की पहचान की और फिर 6 अप्रैल को उनके घर-घर जाकर संपर्क स्थापित किया। इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया और अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय भेजने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की अर्चना चमोली, सपना सिंह, भावना चौहान, ललिता, दीपाली सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। इनमें नूर अहमद, फारूक और बच्चों की माताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

यह प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि शिक्षा से दूर बच्चों के जीवन में नई शुरुआत का संदेश बनकर उभरा। विद्यालय की इस पहल ने यह साबित किया कि प्रयास सच्चे हों तो हर बच्चा शिक्षा से जुड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *