हरिद्वार डेस्क ( डॉ. शिवा अग्रवाल )। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन जनपद हरिद्वार इकाई की नई टीम का चयन निर्विरोध हो गया। इसी के साथ संगठन की कमान युवा चेहरे अश्वनी चौहान के हाथों में आ गई है। ब्लॉक स्तर पर संगठन का नेतृत्व कर रहे अश्विनी ने शिक्षकों से जुड़कर लोकप्रियता बनाई एवं उसी को बरकरार रखते हुए वह अब जिले का नेतृत्व करेंगे।

उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन जिसका प्रचलित नाम उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ है, का गत दिवस अधिवेशन संपन्न हुआ। इसमें विभिन्न ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करते हुए पैनल तैयार किया गया। 30 जनवरी की तिथि मुकर्रर हुई जिसमें सभी को निर्विरोध चुन लिया गया। अश्वनी चौहान जिला अध्यक्ष बने जबकि नवाचारी शिक्षक हेमेंद्र चौहान महामंत्री एवं सक्रिय शिक्षक अरविंद शर्मा को कोष की जिम्मेदारी दी गई। बात जिले के नेतृत्व की करें तो विकासखंड बहादराबाद में संगठन का बतौर अध्यक्ष दायित्व देख रहे अश्वनी चौहान को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनके सामने बदलते दौर में शिक्षक संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है। अश्वनी भी मानते हैं कि समय के साथ शिक्षकों की जिम्मेदारियां और समस्याएं बढ़ी हैं इसलिए मजबूत नेतृत्व के लिए नए तरीके से सोचने की जरूरत है। अश्विनी कहते हैं कि नई शिक्षा नीति लागू हो चुकी है। हमारा लक्ष्य हमारे विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे हैं। निपुण भारत अभियान के तहत सरकार ग्रासरूट लेवल पर ओर बेहतर काम करना चाहती है जिसकी मुख्य कड़ी शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सामने भी चुनौतियों का अंबार है एवं उनसे पढ़ाने के अलावा सैकड़ों अन्य काम कराए जा रहे हैं जिससे अधिगम प्रभावित होता है। अश्वनी कहते हैं कि अपने कार्यकाल शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए ठोस काम किया जाएगा। साथ ही पुरानी पेंशन, प्रमोशन, वेतनमान आदि मसलों के निस्तारण का प्रयास रहेगा।