डेस्क। जिले में शिक्षा विभाग के एक शिक्षक को प्रधानमंत्री की मिमिक्री करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करना महंगा पड़ गया। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) में पदस्थ शिक्षक साकेत पुरोहित ने हाल ही में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में वह प्रधानमंत्री Narendra Modi की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर टिप्पणी करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। बताया जा रहा है कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक Pritam Lodhi ने इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी।
शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की और शिक्षक साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शिक्षक के आचरण को शासकीय सेवा नियमों के विरुद्ध मानते हुए यह कदम उठाया गया है।
फिलहाल मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।