चित्रकूट में शर्मनाक मामला: छात्राओं से मसाज करवाने पर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निलंबित

डेस्क। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को छात्राओं से मसाज करवाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार यह मामला करवी क्षेत्र के नया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। वायरल वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी क्लासरूम में चटाई बिछाकर लेटी हुई नजर आ रही हैं, जबकि छोटी-छोटी छात्राएं उनके हाथ, पैर और पीठ की मसाज करती दिखाई दे रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान शिक्षिका मोबाइल फोन में व्यस्त नजर आ रही हैं।

करीब 20 से 30 सेकंड के इस वीडियो में 6 से 10 वर्ष की छात्राएं मसाज करती दिखाई देती हैं। एक छात्रा तो बेलन से मसाज करती हुई भी नजर आ रही है। यह पूरा दृश्य स्कूल के पढ़ाई के समय का बताया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान छात्राओं ने बताया कि उनसे अक्सर इस तरह मसाज करवाई जाती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *