डेस्क। राज्य के सरकारी स्कूलों में गर्मियों और सर्दियों की छुट्टियां अब एक समान होंगी। अभी तक गर्मियों और सर्दियों की छुट्टियों के दिन भौगोलिक स्थितियों के हिसाब से तय थे। अब सभी स्कूलों में गर्मी-सर्दी में 16-16 दिन की छुट्टी रहेगी।
प्रदेश में अभी 5000 मीटर से ज्यादा ऊंचे इलाके के स्कूलों में सर्दी में 37 दिन व गर्मी में 11 दिन छुट्टी होती है। निचले क्षेत्रों में गर्मियों में 35 और सर्दियों में 13 दिन की छुट्टी होती है। अब सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी 15 जून से 30 जून और सर्दी की एक जनवरी से 16 जनवरी तक होंगी। इससे 48 दिन के दीर्घकालीन अवकाश में 16 दिन कम हो जाएंगे और सिर्फ 32 दिन ही छुट्टी रहेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत नए टाइम टेबिल के अनुसार स्कूलों में सालभर में 200 दिन पढ़ाई होगी। अभी पढ़ाई के लिए 184 दिन ही मिल रहे हैं। जिलों से सुझाव मांगे हैं, इसके बाद ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।