सूचना के अधिकार पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया

हरिद्वार। डॉ. आर. एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में सूचना का अधिकार अधिनियम–2005 पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कार्मिकों को आरटीआई अधिनियम के प्रावधानों तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन से अवगत कराना रहा। कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने सेवा नियमों, विकास से संबंधित नवीन तकनीकों एवं प्रशासनिक दक्षता से जुड़े विषयों पर समय-समय पर आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में डॉ. महेश कुमार, संयुक्त निदेशक (प्रशासन), डॉ. आर. एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल तथा रागिनी तिवारी, पाठ्यक्रम निदेशक द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण की रूपरेखा से अवगत कराया गया। तकनीकी सत्रों में डॉ. महेश कुमार एवं आरटीआई कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह थापा द्वारा आरटीआई से संबंधित प्रावधानों एवं व्यावहारिक प्रकरणों पर प्रकाश डाला गया। अंतिम सत्र में विनोद प्रसाद मिश्रा, ग्राम विकास अधिकारी, लक्सर ने आरटीआई के संदर्भ में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समुचित जानकारी के महत्व पर बल दिया। जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के रूप में वेदप्रकाश,जिला विकास अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *