पीएम की मन की बात की तर्ज पर उत्तराखंड में होगी ” शिक्षा की बात ” 23 को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

देहरादून। प्रधानमंत्री मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की तर्ज पर उत्तराखंड के स्कूलों में ‘शिक्षा की बात’ शुरू की जा रही है। इसका शुभारंभ 23 सितंबर को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह करेंगे। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य के 1300 स्कूलों के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम से लाइव जुड़ेंगे और सवाल भी पूछ सकेंगे।

राज्यपाल राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देहरादून में स्थापित केन्द्रीय वर्चुअल स्टूडियो से संवाद करेंगे। इस चर्चा में 500 वर्चुअल क्लास और 800 हाईब्रिड मोड क्लास वाले विद्यालयों के छात्र शामिल होंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड की भौगोलिक, सांस्कृतिक, सामाजिक विविधताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को प्रेरक व्यक्तित्वों से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है।

‘शिक्षा की बात’ में प्रख्यात साहित्यकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, रंगकर्मियों, पर्यावरणविदों, संस्कृति संवाहकों, वैज्ञानिकों, सैन्य अधिकारियों और व्यवसायियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की शख्सियत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं, करियर संबंधी समझ और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *