डेस्क । आईएएस स्वाति भदौरिया की सादगी और सहज अंदाज़ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार मामला थोड़ा अलग था—गांव की समस्याएं सुनने पहुंचा एक युवक अपनी परेशानी बताते-बताते ऐसी बात कह गया कि डीएम कार्यालय में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे।

मामला Pauri Garhwal का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में युवक डीएम के सामने अपने गांव की समस्याएं गिनाता नजर आ रहा है। वह कहता है कि गांव में पानी की भारी किल्लत है, सड़क भी ठीक से नहीं बनी और उसका मकान भी अधूरा है, जिससे उसे काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
लेकिन असली मोड़ तब आया जब युवक ने अपनी शिकायतों की सूची में एक और समस्या जोड़ दी—“मेरी अभी तक शादी भी नहीं हुई है।”
बस फिर क्या था! यह सुनते ही डीएम Swati Bhadoria समेत वहां मौजूद अधिकारियों की हंसी छूट पड़ी और पूरा कमरा ठहाकों से गूंज उठा। डीएम ने भी मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा—
“शादी नहीं हुई तो इसमें हम क्या कर सकते हैं?”
यह सुनकर युवक भी मुस्कुरा दिया और माहौल हल्का-फुल्का हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि प्रशासन और आम जनता के बीच ऐसा सहज और मानवीय रिश्ता ही असली लोकतंत्र की पहचान है।
कई यूजर्स मजाक में लिख रहे हैं—
“पानी, सड़क और दुल्हन… तीनों की मांग लेकर पहुंच गया युवक!”